रेलवे स्टेशन पर 33 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैंट पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 33 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 24.750 लीटर और अनुमानित कीमत 26,230 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में जीआरपी चौकी बनारस प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ओझा पुलिस टीम के साथ प्लेटफार्म नंबर एक पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आरपीएफ पोस्ट बनारस और आरपीएफ/सीआईबी की टीम भी वहां चेकिंग करती मिली। एचडीटी साइड एस्केलेटर के पास आरआरआई पैनल के सामने दो युवक पिट्ठू बैग और बोरियों के साथ बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान विशाल कुमार पुत्र मुन्ना पासवान निवासी दिलावरपुर, थाना बिहटा, जिला पटना, बिहार और मोहम्मद अरबाज अंसारी पुत्र मोहम्मद रहमान निवासी कोईलवर, थाना कोईलवर, जिला भोजपुर, बिहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान विशाल के कब्जे से पिट्ठू बैग में 750 एमएल की सिग्नेचर की नौ बोतल तथा बोरी से मैजिक मोमेंट की छह और ब्लेंडर्स प्राइड की चार बोतल बरामद हुई। वहीं अरबाज के कब्जे से आटे की बोरी में ब्लेंडर्स प्राइड की चार और रॉयल स्टैग की दस बोतल मिलीं।
पुलिस ने दोनों से शराब रखने के संबंध में लाइसेंस और अनुमति पत्र मांगा, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। बरामद शराब को नियमानुसार सील कर नमूने सुरक्षित किए गए तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
जीआरपी कैंट थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही।

