कानपुर : गंगा किनारे खेत में क्रैश हुआ ट्विन इंजन ट्रेनिंग प्लेन
कानपुर (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास नत्था पुरवा गांव के निकट एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार प्रशिक्षक पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था। इसी दौरान अचानक विमान अनियंत्रित होकर नीचे आया और तेज आवाज के साथ खेत में जा गिरा। दुर्घटना के बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका मलबा खेत में बिखर गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल को सुरक्षित कर राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक रिपोर्टों में हादसे की वजह को लेकर तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाले सचिन भाटिया प्रशिक्षक पायलट थे, जबकि अभिषेक पुजारी प्रशिक्षण ले रहे थे। दोनों अलग-अलग राज्यों से बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की जानकारी संबंधित विमानन अधिकारियों को भी दी गई है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। विमान की तकनीकी स्थिति, उड़ान से जुड़े रिकॉर्ड और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

