वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, SOG-02 भंग

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, SOG-02 भंग

निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा को कैंट से सिगरा, निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा को सिगरा से रामनगर तथा निरीक्षक राजकिशोर पाण्डेय को रामनगर से कैंट थाना प्रभारी बनाया गया

rajeshswari

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस आयुक्त Mohit Agarwal ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त ने कार्य में लापरवाही और अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कई थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया, जबकि SOG-02 भंग कर उसके समस्त कर्मियों को पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, विवेचना और कानून-व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी ही थाना प्रभारी पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्य में निष्क्रियता और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में प्रदर्शन आधारित जवाबदेही तय करते हुए SOG-02 को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया। सभी कर्मियों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है तथा बाद में यूनिट का नए सिरे से गठन किया जाएगा।

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक प्रमोद कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं साइबर क्राइम थाने में तैनात निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा को मिर्जामुराद का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा को कैंट से सिगरा, निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा को सिगरा से रामनगर तथा निरीक्षक राजकिशोर पाण्डेय को रामनगर से कैंट थाना प्रभारी बनाया गया है।

उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह को चौकी प्रभारी रोडवेज, थाना सिगरा से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि उपनिरीक्षक विकास सिंह को पीआरओ कार्यालय से रोडवेज चौकी प्रभारी सिगरा नियुक्त किया गया है।

इसे भी पढ़े   दसवीं का छात्र महंगे शौक पूरा करने के लिए बना लुटेरा

पुलिस आयुक्त की इस कार्रवाई को कमिश्नरेट व्यवस्था में जवाबदेही और अनुशासन मजबूत करने की दिशा में बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *