ई-स्कूटी रैली से दिया पेट्रोल बचाने का संदेश
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की अपील के समर्थन में गुरुवार को शहर में जागरूकता अभियान चलाया गया। भाजपा काशी क्षेत्र पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल के नेतृत्व में नई सड़क स्थित कोदई चौकी से गिरजाघर पेट्रोल पंप तक इलेक्ट्रिक स्कूटी रैली निकाली गई।

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘देश हित के वास्ते, मोदी जी के रास्ते’ के नारे लगाते हुए लोगों से पेट्रोल की खपत कम करने की अपील की। पेट्रोल पंप पहुंचे उपभोक्ताओं का माल्यार्पण कर उन्हें ईंधन बचत के प्रति जागरूक किया गया और वाहनों पर संदेश वाले स्टिकर भी लगाए गए।
आयोजकों ने कहा कि पेट्रोल बचत देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों के लिए जरूरी है। अभियान के जरिए लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
हालांकि रैली में कुछ प्रतिभागियों के बिना हेलमेट नजर आने को लेकर लोगों के बीच चर्चा भी रही।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। संचालन चंद्र विजय सिंह, ओमप्रकाश यादव और सोमनाथ विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान पार्षद विजय द्विवेदी, पूर्व पार्षद गिरीश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

