लोलार्क कुंड मेले में नई सुबह-एक उम्मीद संस्था ने की नि:स्वार्थ सेवा
बुजुर्गों और महिलाओं की मदद कर भटके लोगों को पहुंचाया सही रास्ता
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के ऐतिहासिक लोलार्क कुंड में लोलार्क षष्ठी के अवसर पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए नई सुबह-एक उम्मीद सामाजिक संस्था की टीम ने नि:स्वार्थ भाव से सेवा कार्य किया।

संस्था की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क शीतल जल का वितरण किया गया। इसके साथ ही भटके हुए लोगों को सही रास्ता बताने, बुजुर्गों और महिलाओं को लोलार्क कुंड तक पहुंचाने तथा श्रद्धालुओं की अन्य छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान में भी स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।
सेवा कार्य का संचालन संस्था की अध्यक्ष ममता के नेतृत्व में किया गया। संस्था के विजय कुमार, विजय कुमार गुप्ता, मोहम्मद अनीस, महबूब हसन और रामबाबू गुप्ता समेत अन्य स्वयंसेवक सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।
संस्था अध्यक्ष ममता ने कहा कि लोलार्क कुंड आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता के अनुसार यहां संतान प्राप्ति और आरोग्य की कामना लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना मानव सेवा का ही एक स्वरूप है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए निरंतर सेवा कार्य करना है।

