अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुई काशी, घाटों से घरों तक गूंजा ‘ॐ’
वाराणसी (जनवार्ता)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शिव की नगरी काशी पूरी तरह योगमय नजर आई। गंगा घाटों, पार्कों, विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, पुलिस लाइनों और ग्रामीण क्षेत्रों तक लाखों लोगों ने सामूहिक एवं व्यक्तिगत योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

शहर के सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। सूर्योदय की लालिमा के बीच ‘ॐ’ के उच्चारण और वैदिक मंत्रों की गूंज के साथ हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम की ओर से योग मैट, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
उधर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान में आयुष मंत्रालय और राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे के सहयोग से सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सहभागिता कर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
वाराणसी पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में अधिकारियों और जवानों ने योगाभ्यास किया। वहीं जिले के सभी थानों, जीआरपी, रेलवे पुलिस तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी योग सत्र आयोजित किए गए।
गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रमों में विदेशी पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। वेदपाठी बटुकों के साथ योग साधना करते विदेशी सैलानियों ने भारतीय योग परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का संदेश दिया।
भोर से लेकर सुबह तक चले योग दिवस के कार्यक्रमों ने काशी को योगमय बना दिया। शिव की नगरी ने एक बार फिर योग के माध्यम से विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया।

