मोदी के जन्मदिन पर 76 बटुकों ने किया मां गंगा का दुग्धाभिषेक
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को अहिल्याबाई घाट पर 76 बटुक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान 76 लीटर दूध और केसर जल से गंगा पूजन किया गया।
कार्यक्रम में शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम और श्री शास्त्रार्थ महाविद्यालय के बटुकों ने आचार्य उदित नारायण मिश्र के नेतृत्व में शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन-अभिषेक किया।

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के शिल्पी हैं। उनके नेतृत्व में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास की भावना के साथ देश आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने काशी के विकास को नई दिशा दी है। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, घाटों का सौंदर्यीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विकास से शहर का स्वरूप बदला है।
इस अवसर पर डॉ. पवन शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, आशुतोष द्विवेदी, नवीन कसेरा, महंत रमेश तिवारी लिंगिया महाराज, संजय उपाध्याय, आकाश पाठक और सुनील यादव समेत भाजपा कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में बटुक मौजूद रहे।

