तेज बारिश में बनारस स्टेशन का प्लेटफॉर्म-8 बना ‘झरना’
रेलवे ने तत्काल संभाली स्थिति
वाराणसी (जनवार्ता)। तेज बारिश के दौरान शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर शेड और पंखे के आसपास से बारिश का पानी तेज धार में गिरने लगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

रेलवे के अनुसार लगातार बारिश के कारण रेन वाटर पाइप में मांझा, पेड़ों की पत्तियां और बोतल फंसने से पानी की निकासी बाधित हो गई थी। इसके चलते पानी का प्रवाह प्लेटफॉर्म पर लगे पंखे के रास्ते नीचे गिरने लगा। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेन वाटर पाइप की सफाई कर दी, जिसके बाद पानी की निकासी सामान्य हो गई।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि तेज बारिश के दौरान यह स्थिति अस्थायी रूप से बनी थी, जिसे तत्काल ठीक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश की स्थिति में दोबारा ऐसी परिस्थिति बनने पर ऑन ड्यूटी स्टाफ को अलर्ट रखा गया है।

