54वीं बार काशी आ रहे पीएम मोदी, 6 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
सिग्नेचर ब्रिज व सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की रखेंगे आधारशिला, 29 अप्रैल को ऐतिहासिक रोड शो प्रस्तावित
वाराणसी (जनवार्ता):
नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। वर्ष 2014 से काशी के सांसद रहे प्रधानमंत्री का यह 11 वर्षों में 54वां दौरा होगा, जबकि 2026 का यह पहला दौरा माना जा रहा है। इससे पूर्व वे नवंबर 2025 में वाराणसी आए थे।


प्रधानमंत्री इस दौरे में लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात काशीवासियों को देंगे। इनमें रेल-सड़क सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय में प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला प्रमुख है। इन परियोजनाओं से न केवल वाराणसी बल्कि पूर्वांचल और पड़ोसी बिहार के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य एवं आवागमन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

शाम को पहुंचेंगे, महिला सम्मेलन को करेंगे संबोधित
भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे विशेष विमान से वाराणसी पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बरेका हेलीपैड पहुंचने के बाद वे बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में लगभग 40 हजार महिलाओं को संबोधित करने के साथ ही वे ‘नारी शक्ति वंदन’ से जुड़े मुद्दों पर संवाद भी कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने के बाद रात्रि विश्राम बरेका गेस्ट हाउस में करेंगे।
29 अप्रैल को रोड शो और काशी विश्वनाथ दर्शन
दौरे के दूसरे दिन 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके लिए वे बरेका से श्री Kashi Vishwanath Temple तक भव्य रोड शो करेंगे।
करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो को अब तक का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। मार्ग के प्रमुख चौराहों को सजाया जा रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक बैरिकेडिंग की जा रही है।
प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास परियोजनाओं के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

