विवादित भूमि पर पुलिस ने लिया कब्जा
न्यायालय के आदेश तक रहेगी अभिरक्षा में
वाराणसी (जनवार्ता) । चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ताला में आराजी संख्या 81 की विवादित भूमि के मामले में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने भूमि को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक चोलापुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

उप निरीक्षक जगदीश सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों और चोलापुर थाने की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश के तहत विवादित आराजी को कब्जे में लिया। पुलिस ने भूमि को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी।
बताया गया कि सक्षम न्यायालय से पक्षकारों के अधिकार अथवा कब्जे के संबंध में आदेश प्राप्त होने तक विवादित भूमि को पुलिस की अभिरक्षा में रखने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आदेश का अनुपालन कराया।
कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक जगदीश सिंह, महिला पुलिसकर्मी समेत चोलापुर थाने की पुलिस फोर्स मौजूद रही। पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

