सेवा केवल परंपरा नहीं, सामाजिक चेतना का आधार : प्रो. रजनीश कुंवर
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वाराणसी में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने किया।


इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति की मूल चेतना है और सामाजिक जीवन को सार्थक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में संवेदना, सहयोग और अपनत्व का छोटा-सा प्रयास भी परिवर्तन की बड़ी शुरुआत बन सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा को केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रखें, बल्कि उसे सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और राष्ट्रसेवा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना की भारतीय परंपरा का प्रतीक है, जिसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख को अपना समझने की भावना निहित है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. रविकांत कसौधन ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना रहा।

