नवोदय विद्यालय में पुरानी रंजिश में छात्र की पिटाई, मुकदमा दर्ज
वाराणसी (जनवार्ता)। फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर कक्षा 10 के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब आधा दर्जन छात्रों ने कक्षा 10 के छात्र देवांश जायसवाल को घेरकर लात-घूंसों से पीटा और जमीन पर पटक दिया। सिर में चोट लगने के बाद घायल छात्र का उपचार पिंडरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।


छात्र के पिता सुचेन्द्र जायसवाल, निवासी करमपुर बड़ागांव, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब पौने आठ बजे उनका बेटा देवांश विद्यालय की प्रार्थना सभा में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कुछ छात्रों ने गोलबंदी कर उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। जमीन पर पटकने से उसके सिर में चोट आई।
तहरीर के आधार पर फूलपुर पुलिस ने आरोपित नाबालिग छात्रों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद घायल छात्र का उपचार कराया गया। इस दौरान विद्यालय के स्टाफ और परिजन भी मौजूद रहे।

