आरटीओ कार्यालय के सामने जलभराव से दुकानदार परेशान

आरटीओ कार्यालय के सामने जलभराव से दुकानदार परेशान

जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत के बाद भी स्थायी समाधान नहीं

वाराणसी (जनवार्ता)। जमालपुर स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के आसपास जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे की सर्विस लेन के किनारे बना नाला जगह-जगह जाम है। कई स्थानों पर नाले के ऊपर अतिक्रमण और पुलिया बनाए जाने से बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसके चलते बरसात का पानी आरटीओ कार्यालय के आसपास के क्षेत्र, दुकानों और मकानों में जमा हो रहा है।

rajeshswari

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले आरटीओ कार्यालय के सामने सड़क और सर्विस लेन का निर्माण कराया गया था, लेकिन जलनिकासी के लिए नाले की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। बारिश होते ही सर्विस लेन और आसपास के क्षेत्र में पानी भर जाता है। पानी जमा होने के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है और परिवार की आजीविका चलाना मुश्किल हो गया है।

दुकानदारों के मुताबिक समस्या के समाधान के लिए उन्होंने अपने निजी खर्च से करीब 100 मीटर तक नाले की सफाई भी कराई, लेकिन आगे कई स्थानों पर नाला जाम है। कुछ जगह नाले के ऊपर अतिक्रमण कर लिया गया है तो कहीं पुलिया बना दिए जाने के कारण पानी का प्रवाह रुक गया है।

शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त रामचंद्र पटेल ने बताया कि सर्विस लेन बना दी गई, लेकिन जलनिकासी के लिए नाले की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। आगे बनी कई पुलिया जाम हैं और विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि आरटीओ कार्यालय के ठीक सामने उनके करीब दस कमरे बने हैं, जिनमें बारिश के दौरान तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है। उनका कहना है कि यह बाढ़ का पानी नहीं, बल्कि बारिश का पानी है, जो निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय तक जमा रहता है। स्थिति के चलते उन्हें दूसरे स्थान पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

इसे भी पढ़े   जिलाधिकारी ने एसआईआर कार्यों के कम प्रगति वाले बूथों पर दिया विशेष निगरानी के निर्देश

स्थानीय लोगों के अनुसार, जलभराव की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। दर्जनों दुकानदारों ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से भी अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

दुकानदारों का कहना है कि जिस आरटीओ कार्यालय में संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी बैठते हैं, उसी कार्यालय के सामने जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रतिदिन अधिकारी, कर्मचारी और दूर-दराज से आने वाले लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जाम नाले की सफाई कराने, नाले से अतिक्रमण हटाने तथा सर्विस लेन के किनारे समुचित नाला निर्माण कराकर स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस संबंध में होशील पाल, जयप्रकाश, राजेंद्र प्रसाद, सुहेल, राजेश, श्याम सुंदर यादव, शिवम केशरी, भारत राम, राजेश कुमार, छविनाथ पाल, मदनलाल, मोहन, अनिल कुमार, वीरेंद्र पाल और सुरेंद्र पाल समेत अन्य लोगों ने जनसुनवाई के माध्यम से जिलाधिकारी को पत्रक देकर कार्रवाई की मांग की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *