कैंट स्टेशन से नई दिल्ली के बीच चलेगी स्लीपर वंदे भारत
वाराणसी (जनवार्ता)। त्योहारी सीजन से पहले काशीवासियों को रेलवे की ओर से बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। वाराणसी जंक्शन (कैंट) से नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे बोर्ड ने इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि ट्रेन के रूट और संचालन की अंतिम तिथि को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, रेलवे बोर्ड के पास स्लीपर वंदे भारत के दो रैक तैयार हैं। शुरुआती योजना में एक रैक को बनारस स्टेशन से नई दिल्ली के बीच चलाने पर विचार किया गया था। इसके लिए स्टेशन से फिजिबिलिटी रिपोर्ट भी मांगी गई थी। लेकिन बनारस स्टेशन पर ट्रेन के रखरखाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण योजना में बदलाव किया गया।

कैंट स्टेशन पर पहले से ट्रेनों के रखरखाव की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसी को देखते हुए अब स्लीपर वंदे भारत का संचालन वाराणसी जंक्शन से शुरू करने की तैयारी है। उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ कहने से बच रहे हैं, लेकिन सूत्रों ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट मांगे जाने की पुष्टि की है।
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच पहले से कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें बनारस से काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं कैंट स्टेशन से दो चेयरकार वंदे भारत एक्सप्रेस और सप्ताह में तीन दिन महामना एक्सप्रेस चलती है। इसके बावजूद दिल्ली जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
विशेषकर सप्ताहांत और रविवार शाम को ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में स्लीपर वंदे भारत के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलने के साथ लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत मिलने की उम्मीद है। दशहरा और दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन का संचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

