लक्ष्मीकुंड पर सोरहिया मेले की धूम

लक्ष्मीकुंड पर सोरहिया मेले की धूम

वाराणसी  (जनवार्ता)। लक्सा स्थित प्राचीन लक्ष्मीकुंड पर 16 दिवसीय सोरहिया मेले में आस्था का रंग गहराने लगा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं लक्ष्मी प्रतिमा लेकर कुंड पहुंच रही हैं। पूजन के बाद महालक्ष्मी की कथा सुनकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जा रही है।

rajeshswari


सोरहिया मेले की खास परंपरा में श्रद्धालु पहले महालक्ष्मी मंदिर में महालक्ष्मी, महासरस्वती और महाकाली के विग्रहों का पूजन करते हैं। इसके बाद विष्णु मंदिर में लक्ष्मी-विष्णु विवाह की रस्म पूरी कर लक्ष्मीकुंड पर कथा सुनते हैं। कथा के बाद लक्ष्मी प्रतिमा को घर ले जाकर मंदिर में स्थापित कर पूरे वर्ष पूजा की जाती है।


परंपरा के अनुसार अगले साल पुरानी प्रतिमा को लक्ष्मीकुंड में विसर्जित कर नई प्रतिमा के साथ यही विधि दोहराई जाती है। इसी वजह से मेले में पुराने विग्रह के विसर्जन और नई प्रतिमा को घर ले जाने का क्रम भी चलता रहता है।
बलिया में रहने वाली काशी की निवासी मुस्कान जायसवाल ने लक्ष्मी पूजन और कथा सुनी। वहीं उर्मिला यादव ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष घर लाई गई प्रतिमा का विसर्जन कर नई लक्ष्मी प्रतिमा का विवाह कराया और कथा सुनने के बाद उसे घर ले जा रही हैं।
लक्ष्मीकुंड के आसपास मेले का स्थानीय रंग भी देखने को मिल रहा है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकानें सजी हैं। महिलाओं की भीड़ और कथा-पाठ से कुंड परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

इसे भी पढ़े   दशाश्वमेध घाट पर वीर शहीदों की याद में जलाए गए आकाशदीप, लोगों ने दी श्रद्धांजलि
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *