राष्ट्रीय खेल महोत्सव में दिखेगा देशभर के खिलाड़ियों का दमखम
19 सितंबर से सिगरा स्टेडियम में जुटेंगे 400 से अधिक खिलाड़ी, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल करेगा मेजबानी
वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय शिक्षा बोर्ड, हरिद्वार से संबद्ध विद्यालयों का दो दिवसीय राष्ट्रीय खेल महोत्सव 2026-27 आगामी 19 और 20 सितंबर को सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम कॉम्पलेक्स में आयोजित होगा। देशभर के विद्यालयों से आने वाले 400 से अधिक खिलाड़ी इस खेल महाकुंभ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


महोत्सव की मेजबानी कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, कादीपुर (शिवपुर) की ओर से की जा रही है। विद्यालय के निदेशक आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। इसमें भाला फेंक, दौड़, रिले रेस, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल हैं। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन 20 सितंबर की शाम को होगा। इस अवसर पर वाराणसी के पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित कर खेल क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया जाएगा।

