बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 3 लाख रुपये नकद तथा बच्चों की गुल्लक में जमा रकम लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

rajeshswari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के तुलसीपुर, सैदपुर निवासी महेंद्र यादव वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित पुराने आरटीओ कार्यालय के पीछे किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं और शहर के एक आभूषण प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 16 जून को बड़ी मां के निधन के कारण पत्नी और बच्चों के साथ अपने पैतृक गांव गाजीपुर चले गए थे।

गुरुवार को उनके एक रिश्तेदार उनसे मिलने वाराणसी स्थित घर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। इसकी सूचना पड़ोसियों के माध्यम से महेंद्र यादव को दी गई। सूचना मिलते ही वह तत्काल वाराणसी पहुंचे और घर के भीतर जाकर देखा तो कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे तथा अलमारी का सामान बिखरा हुआ था।

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, जिनमें हार, चूड़ियां, अंगूठियां, लॉकेट, मांगटीका, चेन, बाली और मंगलसूत्र शामिल हैं, उठा ले गए। इसके अलावा 300 ग्राम चांदी की पायल, अलमारी में रखे तीन लाख रुपये नकद और बच्चों की गुल्लक में जमा धनराशि भी चोरी कर ली गई।

इसे भी पढ़े   आज गिरा गोल्ड का भाव,चांदी का बढ़ा रेट,ज्वैलरी बनवाने से पहले देख लें 10 ग्राम की कीमत

महेंद्र यादव ने बताया कि उनके घर के पीछे रात्रि में एक क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित हो रही थी, जो देर रात तक चली। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने इसी दौरान सूने मकान को निशाना बनाया होगा।

घटना की सूचना डायल-112 और सारनाथ पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के शीघ्र खुलासे के लिए जांच में जुटी हुई है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *