विजयानगरम मार्केट में दो अवैध गेस्ट हाउस सील
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयानगरम मार्केट में नगर निगम ने गुरुवार को अवैध रूप से संचालित दो गेस्ट हाउस को सील कर दिया। दोनों गेस्ट हाउस नगर निगम की ओर से आवंटित दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी तल पर बिना अनुमति संचालित किए जा रहे थे। पुलिस बल की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसर को सील कर दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार मामला लंबे समय से विवादित था। संबंधित पक्ष ने नोटिस मिलने के बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हालांकि नगर आयुक्त स्तर पर प्रत्यावेदन खारिज होने के बाद निगम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि करीब 40 वर्ष पूर्व नगर निगम ने विजयानगरम मार्केट में लगभग 90 दुकानें आवंटित की थीं। जांच में सामने आया कि कुछ दुकानदारों ने निगम की अनुमति के बिना दुकानों के ऊपर अतिरिक्त निर्माण करा लिया और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी हिस्से में भी बिना स्वीकृति गेस्ट हाउस संचालित किए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि नगर निगम ने पहले अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। मामले में न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने और प्रत्यावेदन निरस्त होने के बाद गुरुवार को प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों गेस्ट हाउस को सील कर दिया।
सीलिंग अभियान के दौरान नगर निगम ने मार्केट के आसपास सड़क पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया। सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले-खोमचे और अन्य कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग और संचालक पक्ष के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

