जानलेवा हमले के मामले में शातिर अपराधी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । राजातालाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट और जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से वांछित विशाल गुप्ता उर्फ गोलू उर्फ गरमगोदाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात करीब एक बजे मुखबिर की सूचना पर रानीबाजार-जमुआ रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर संदिग्ध अवस्था में पहुंचे आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष है और वह खजुरी हुकुलगंज थाना लालपुर पांडेयपुर वाराणसी का निवासी है।

पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2025 को महावन के सुनसान बगीचे के पास मोटरसाइकिल सवार रमेश सिंह को रोककर विशाल गुप्ता ने साथियों राहुल सिंह और विकास सिंह के साथ हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और दो मोबाइल फोन तथा करीब 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना राजातालाब में मुकदमा संख्या 0084/2025 दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ कैंट, सारनाथ और शिवपुर थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, छेड़खानी और शस्त्र अधिनियम समेत सात से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकुर, चंदन, गणेश कुमार पटेल, कांस्टेबल रोहित कुमार वर्मा, देवानंद, आलोक सिंह और सोन कुमार शामिल रहे।

