चौबेपुर : गौराकला बाजार में युवक से पिस्टल दिखाकर सोने की चेन लूटी, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी (जनवार्ता): स्थानीय थाना क्षेत्र के चिरईगांव चौकी अंतर्गत गौराकला बाजार में शुक्रवार देर शाम को अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को रोककर धमकाया और उसकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। यह घटना तब हुई जब युवक बाजार से वापस अपने गांव लौट रहा था।पीड़ित अमित कुमार सोनकर, निवासी चिरईगांव, ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि वह गौराकला बाजार से घर जा रहे थे। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका और कमर के पास पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद बदमाश उनकी गले में पहनी करीब 30 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर मौके से भाग निकले।पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और चिरईगांव चौकी पर पहुंचकर लिखित शिकायत भी दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।इस मामले में जनवार्ता प्रतिनिधि ने एसीपी सारनाथ से बात की। एसीपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मारपीट की बात सामने आई है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

