मुख्यमंत्री योगी ने श्रद्धालुओं के प्रति बेहतर व्यवस्था पर जोर दिया जोर
विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन सर्किट हाउस में विकास परियोजनाओं, निर्माण कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या दुर्व्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से श्री काशी विश्वनाथ धाम और कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की सुविधा पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की आसान पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा वहां विक्रय की जाने वाली सामग्रियों के दाम वाजिब रखे जाएं। योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा, “धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल हैं। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।”
बैठक में मुख्यमंत्री ने गोदौलिया पर निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने-उतरने की मजबूत व्यवस्था तेजी से पूरी करने, मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट पर मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों एवं मंदिरों के आसपास किसी भी ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण को सर्वोपरि बताया।
अमृत-2 योजना के तहत सीवरेज एवं वाटर सप्लाई कार्यों को व्यवस्थित ढंग से कराने, सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने तथा रोप-वे का किराया तार्किक रखने पर भी जोर दिया गया। नगर की स्वच्छता के लिए मशीनों का अधिक उपयोग, वेंडिंग जोन, कान्हा उपवन एवं स्ट्रीट डॉग सेंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने आगामी पर्वों (होली आदि) के मद्देनजर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी धार्मिक क्रिया-कलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही हो, नई परंपराओं को अनुमति नहीं दी जाएगी। तीव्र आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, सड़क अतिक्रमण से वाहन पार्किंग पर रोक लगाने तथा स्कूली बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने पर बल दिया।
अवैध शराब, कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार, जहरीली शराब की बिक्री पर कड़ी नजर रखने तथा इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस का आमजन के प्रति शालीन व्यवहार, महिलाओं के लिए जिम में महिला ट्रेनर की व्यवस्था तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त पुलिसकर्मियों पर भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जिले में वर्तमान में 74 परियोजनाएं लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की संचालित हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग हो रही है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पियूष मोर्डिया सहित अन्य अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, गौतस्करी आदि पर प्रेजेंटेशन दिए।
बैठक में स्टाम्प राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, विभिन्न विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का यह दौरा काशी के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

