काशी ने नौ साल में देखा अभूतपूर्व विकास : रविंद्र जायसवाल

काशी ने नौ साल में देखा अभूतपूर्व विकास : रविंद्र जायसवाल

वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने बुधवार को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में योगी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

rajeshswari

पत्रकारों से बातचीत में राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी ने बीते नौ वर्षों में अभूतपूर्व विकास का सफर तय किया है। इस दौरान लगभग 35,156 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, सेतु, पेयजल, सीवरेज समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी 486 परियोजनाएं पूरी कर जनता को समर्पित की गई हैं।

उन्होंने विस्तार से उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि सड़क एवं सेतु क्षेत्र में 22,829 करोड़ रुपये की 127 परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं, जबकि 5,813 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। रेलवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग से जुड़ी 1,529 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 4,934 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।

स्मार्ट सिटी योजना के तहत 877.65 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, 720 स्थानों पर सर्विलांस कैमरे, सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, टाउन हॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और गोदौलिया में मल्टीलेवल पार्किंग शामिल हैं। पेयजल व सीवरेज के क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की 60 परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं, जबकि 2,100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। शिक्षा क्षेत्र में 512 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाएं पूरी की गई हैं तथा 544 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में 1,870.36 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाएं पूरी हुई हैं, जिनमें कैंसर संस्थान, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और मातृत्व विंग प्रमुख हैं। इसके अलावा 914 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

इसे भी पढ़े   200 फीट गहरे बोरवेल में गिरने से किशोर की मौत,चचेरे भाई ने भी दांव पर लगाई जान

पर्यटन विकास के अंतर्गत 721 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाएं पूरी हुई हैं। इनमें श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, नमो घाट, सारनाथ पुनर्विकास और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का विकास प्रमुख है। वहीं 834 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं।

राज्यमंत्री ने बताया कि जनपद में विद्युत सुधार, खेल, पुलिस वेलफेयर और परिवहन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य हुए हैं। गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की योजना है। साथ ही ट्रैफिक समस्या के समाधान हेतु ट्रांसपोर्ट नगर योजना पर काम चल रहा है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और स्वनिधि योजना के तहत लाखों लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया है।

इन सभी प्रयासों का परिणाम है कि वर्ष 2017 में वाराणसी का जीडीपी 22,586.91 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 51,036 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,03,354 रुपये पहुंच गई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *