नाबालिग छात्रा के साथ दो दिनों तक बंधक बना कर दुष्कर्म
वाराणसी (जनवार्ता) । जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ दो दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्रा को हथियार दिखाकर धमकाया और उसके साथ अपराध किया। साथ ही वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच तेजी से कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 13 मार्च को चोलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंधोरा बाजार के पास हुई। नाबालिग छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी रॉबिन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने छात्रा को जबरन बंधक बनाया, दो दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। छात्रा ने किसी को बताने पर खुद और परिवार को खत्म करने की धमकी मिलने के बाद डर से चुप रही, लेकिन बाद में परिजनों को बताया।
परिजनों ने चोलापुर थाने में लिखित तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। पूछताछ जारी है और आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है, ताकि दोषी को सख्त सजा मिल सके।

