जमीन विवाद में मारपीट, एक की मौत; दो आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । रोहनिया थाना क्षेत्र के हरदतपुर गांव स्थित पटेल बस्ती में सोमवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में हुई मारपीट में 45 वर्षीय लालधर पटेल उर्फ अखड़ी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए दूसरे पक्ष के आरोपी लक्ष्मी नारायण और उनके पुत्र आशीष पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालधर पटेल अपने मवेशियों को बांधने वाली जगह की ईंटें ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी लक्ष्मी नारायण, जिनके मवेशी भी पास में बंधे थे, ने इसका विरोध किया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई, जिसमें लालधर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक लालधर पटेल दो भाइयों में बड़े थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी मंजू देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

