जीआरपी वाराणसी कैंट का डीजीपी रेलवे ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी ने मंगलवार को जीआरपी थाना वाराणसी कैंट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और आधुनिक तकनीकों की समीक्षा की।


निरीक्षण की शुरुआत महिला हेल्प डेस्क से की गई, जहां पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण के लिए तैनात महिला पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डीजीपी रेलवे ने थाने में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों जैसे बॉडी वॉर्न कैमरा, टैबलेट और अन्य उपकरणों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया और उनके अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में विकसित “यक्ष” ऐप की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अपराधियों की त्वरित पहचान और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
स्टेशन परिसर में यात्रियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं जानी गईं। डीजीपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की गई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांस्टेबल जय किशन और महिला कांस्टेबल संगम सिंह को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। निरीक्षण के दौरान आईजी प्रयागराज, सीओ वाराणसी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

