चौकाघाट में दीवार गिरने से हादसा, एनडीआरएफ ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
वाराणसी (जनवार्ता) । शहर के चौकाघाट क्षेत्र में बुधवार को एक नव-निर्माणाधीन भवन की दीवार अचानक गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी। घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 11वीं वाहिनी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।


बताया गया कि यह घटना एनडीआरएफ मुख्यालय से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में टीम आधुनिक उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर जवानों ने पेशेवर दक्षता और समन्वय के साथ सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

रेस्क्यू के दौरान तीन लोग मामूली रूप से घायल अवस्था में स्वयं ही मलबे से बाहर निकल आए थे, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से फंसा हुआ था। एनडीआरएफ टीम ने सूझबूझ और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। घायल को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
एनडीआरएफ की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और मानव जीवन की रक्षा संभव हो सकी। यह अभियान एक बार फिर एनडीआरएफ के “आपदा सेवा सदैव सर्वत्र” के संकल्प और आपदा के समय तत्परता का उदाहरण बनकर सामने आया।

