फरार हत्यारोपी के घर कुर्की, सामान जब्त
सीतामढ़ी (जनवार्ता)। जिले के परसौनी थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी जीवन मुखिया के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर पलंग, अलमारी, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने विधि-सम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए संपत्ति कुर्क की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और सरेंडर नहीं करने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने जैसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के बीच डर का माहौल देखा जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने इसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया है।
इधर बिहार सरकार भी अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल में पुलिस अधिकारियों को महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राज्य में हाल के दिनों में कई पुलिस मुठभेड़ भी सामने आई हैं। 24 अप्रैल को पटना के बिहटा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसके अलावा बेगूसराय और मुजफ्फरपुर में भी पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया है।

