एसटीएफ : झारखंड बैंक लूट कांड गिरोह के 3 लुटेरों को सारनाथ से किया गिरफ्तार

एसटीएफ : झारखंड बैंक लूट कांड गिरोह के 3 लुटेरों को सारनाथ से किया गिरफ्तार

912 ग्राम सोना और 20 लाख रुपये बरामद

वाराणसी (जनवार्ता) ।स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश की वाराणसी इकाई और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय बैंक लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरोह के सरगना सहित तीन प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से बैंक ऑफ महाराष्ट्र की झारखंड शाखा से लूटा गया 912.22 ग्राम सोना और 20 लाख रुपये नकद बरामद किया गया है।

rajeshswari

24 अप्रैल को दिनदहाड़े झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बरही शाखा में लुटेरों ने हथियारों के बल पर बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर लगभग 4 किलोग्राम सोने के आभूषण और 4 लाख 22 हजार 492 रुपये नकद लूट लिया था। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

एसटीएफ की टीम ने सूचना के आधार पर शुक्रवार को वाराणसी के सिंहपुर थाना क्षेत्र सारनाथ में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अफजल पुत्र मोहम्मद शहीद निवासी नरहत थाना नरहत जिला नवादा बिहार (गिरोह का सरगना), पंकज सिंह उर्फ रौनक सिंह पुत्र सुरेश सिंह निवासी बनगाई थाना गुलहरिया जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश और सौरभ यादव उर्फ सोनू पुत्र उमाशंकर यादव निवासी सियारही बरजरा थाना दोहरीघाट जिला मऊ उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

इनके कब्जे से 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी (बीआर-01-एचएन-2024) बरामद की गई है।

पूछताछ में पता चला है कि मोहम्मद अफजल और पंकज सिंह समेत यह गिरोह लंबे समय से संगठित रूप से विभिन्न राज्यों में बैंकों और गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनियों में लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। इन पर पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तराखंड और झारखंड में कई बड़ी सोना लूट की घटनाएं दर्ज हैं। गिरोह का तरीका था कि ग्रामीण या कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में बैंकों और फाइनेंस कंपनियों की रेकी करना, दिन के समय हथियार दिखाकर लूटना और फिर फरार हो जाना। लूट के सोने को बेचकर वे जमीन-जायदाद में निवेश करते थे।

इसे भी पढ़े   डाला सोनभद्र- स्थानीय चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत लोहिया कुंड पनारी में बिते सोमवार के शाम को हुई हत्या के आरोपी को चोपन पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर गिरफ्तार कर भेजा जेल

गिरफ्तार आरोपियों को झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई झारखंड पुलिस द्वारा की जा रही है। एसटीएफ की टीम गिरोह के बाकी सदस्यों और लूट के बचे हुए सामान की तलाश में छानबीन जारी रखे हुए है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *