जालौन : ट्रक में घुसी टवेरा, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 4 गंभीर

जालौन : ट्रक में घुसी टवेरा, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 4 गंभीर

जालौन (जनवार्ता)। झांसी-कानपुर हाईवे पर कालपी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर ललितपुर लौट रहे थे।

rajeshswari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी श्रद्धालु टवेरा वाहन से अयोध्या गए थे। सोमवार तड़के दर्शन के बाद वे वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 6 बजे कालपी क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार टवेरा सामने चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से वाहन के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। तब तक 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने के बाद कुछ देर तक घायलों को एंबुलेंस में ही इंतजार करना पड़ा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। शेष 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान शशिकांत त्रिपाठी (49), कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज नामदेव के रूप में हुई है। वहीं घायलों में हरिमोहन, अंशुल, शिवानंद और भूषण तिवारी शामिल हैं।

इसे भी पढ़े   घोटाले का आरोपी पूर्व सहायक विकास अधिकारी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *