“किताबें चाहिए, मजदूरी नहीं” के नारों से गूंजा कैंट स्टेशन, बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
वाराणसी (जनवार्ता) । विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी में बच्चों ने बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता की अलख जगाई। सामाजिक संस्था ‘डेयर’ के तत्वावधान में कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बाहर जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें करीब 100 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों से अवगत कराया। “किताबें चाहिए, मजदूरी नहीं”, “हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार” और “बाल श्रम बंद करो” जैसे नारों के साथ बच्चों ने समाज से अपील की कि नौनिहालों को मजदूरी के लिए मजबूर करने के बजाय उन्हें विद्यालय भेजा जाए।

रैली के दौरान बच्चों ने राहगीरों, अभिभावकों और आमजन को शिक्षा के महत्व तथा बाल श्रम उन्मूलन की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया। बच्चों की बुलंद आवाज और उनके संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्या पर चिंतन करने को प्रेरित किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का हनन है और इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिलना चाहिए।

