दालमंडी चौड़ीकरण: वीडीए का बुलडोजर चला, तीन अवैध मकान ध्वस्त

दालमंडी चौड़ीकरण: वीडीए का बुलडोजर चला, तीन अवैध मकान ध्वस्त

परियोजना के तहत अब तक 160 से अधिक भवन हटाए गए, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

वाराणसी (जनवार्ता)। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। चिन्हित भवनों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई। इन भवनों के स्वामियों को पहले ही ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया जा चुका था।
कार्रवाई से एक दिन पूर्व शुक्रवार को प्रशासन ने दालमंडी क्षेत्र में मुनादी कराकर भवन स्वामियों से अपने मकान खाली करने की अपील की थी। इसके बाद शनिवार को चिन्हित अवैध निर्माणों को गिराया गया। वहीं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने परियोजना के लिए दो और भवनों की रजिस्ट्री कराई है, जिन्हें आगामी दिनों में ध्वस्त किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत अब तक 160 से अधिक भवन आपसी सहमति और अधिग्रहण प्रक्रिया के बाद हटाए जा चुके हैं। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी तथा काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए एक नया और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान पीडब्ल्यूडी, वीडीए, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए थे। साथ ही पूरे अभियान की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की गई, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि शहर के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को वाराणसी की महत्वपूर्ण यातायात सुधार योजनाओं में शामिल माना जा रहा है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   गंगा जन्मोत्सव की शुरुआत, ब्रजघाट पर तीन दिवसीय आयोजन
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *