संपूर्ण समाधान दिवस: एसडीएम ने सुनीं 325 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सड़क, नाली, खड़ंजा, बिजली, जल निकासी, पेंशन, आवास, चकरोड और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे समेत कुल 325 शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश के साथ भेज दिए।


समाधान दिवस में हरसोस निवासी राम जग ने 60 वर्षों से अपने कब्जे वाली भूमि पर अन्य लोगों द्वारा कब्जे के प्रयास की शिकायत की। वहीं ठठरा की सुदामा देवी ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश से मेड़बंदी होने के बावजूद पड़ोसी मेड़ तोड़कर उनके खेत में जुताई-बुवाई करने का प्रयास कर रहे हैं।

चौखंडी की मीना मौर्य ने शिकायत की कि शामिल खाते की भूमि का बिना बंटवारे सीमांकन कर कुछ लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे उनकी 12 बिस्वा भूमि घटकर मात्र 2 बिस्वा रह गई। मेहंदीगंज के रामाश्रय ने सार्वजनिक भूमि और तालाब पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस दौरान एडीसीपी वरुणा जोन, एसीपी राजातालाब, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

