रैपिडो चालक पर इंस्पेक्टर की बेटी से छेड़छाड़ का आरोप, गलत रास्ते पर ले जाने के बाद गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी कमिश्नरेट के एक थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर की बेटी के साथ रैपिडो यात्रा के दौरान कथित छेड़छाड़ और गलत रास्ते पर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक साथी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, युवती ने कैंट रेलवे स्टेशन से लंका जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। आरोप है कि चालक निर्धारित मार्ग के बजाय उसे दूसरे रास्ते पर ले जाने लगा। स्थिति संदिग्ध लगने पर युवती घबरा गई और उसने अपने पिता, जो कमिश्नरेट में क्राइम इंस्पेक्टर हैं, को फोन कर जानकारी दी।
इंस्पेक्टर ने बेटी से लाइव लोकेशन साझा करने को कहा। लोकेशन देखने के बाद उन्होंने चालक को रविदास गेट चौराहे पर आने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर इंस्पेक्टर ने चालक से पूछताछ की। इसी दौरान चालक का एक साथी वीडियो बनाने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों को पकड़कर लंका थाने ले गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी चालक राहुल यादव, निवासी नगवा, हलधरपुर (मऊ), उसे गलत दिशा में ले जा रहा था, जबकि उसके पीछे चल रहा साथी अश्लील टिप्पणियां कर रहा था।
लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी राहुल यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

