गोरखपुर : बसपा नेता हत्याकांड का मुख्य आरोपी एसटीएफ से मुठभेड़ में ढेर
एक लाख का इनामी था मुस्तफिजुल
गोरखपुर (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश एसटीएफ की गोरखपुर यूनिट को बड़ी सफलता मिली। एसटीएफ निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह के नेतृत्व में गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र स्थित रामनगर करजहा के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में आजमगढ़ का एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल उर्फ बाबू मारा गया।


जानकारी के अनुसार, एसटीएफ टीम की बदमाश से मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में मुस्तफिजुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हो गए। उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुस्तफिजुल उर्फ बाबू आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र का निवासी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेता कलमुद्दीन हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास सहित करीब 10 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
घटनास्थल से एसटीएफ ने एक अवैध पिस्टल, एक मोटरसाइकिल तथा भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
एसटीएफ और स्थानीय पुलिस पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। इस मुठभेड़ को पूर्वांचल में अपराधियों के खिलाफ एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

