होमगार्ड जवान की भूमिका पर उठे सवाल
पत्रकार ने निष्पक्ष जांच और परिवार के सुरक्षा की मांग की
वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के एक भूमि विवाद और हालिया हमले के मामले में नए आरोप सामने आए हैं। पिछले 27 वर्षों से हिंदी दैनिक समाचार पत्रों में पत्रकारिता से जुड़े अरुण कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि एक होमगार्ड जवान की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि महिला पुलिसकर्मी के पुत्र एवं पुत्रवधू पर हुए प्राणघातक हमले के पीछे कहीं फर्जी सोशल पोर्टलों से जुड़े तथाकथित पत्रकारों और अराजक तत्वों की मिलीभगत तो नहीं है। उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।


अरुण कुमार सिंह के अनुसार, वर्ष 2020 से उनके पैतृक गांव की भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि दूसरे पक्ष द्वारा कई बार भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। अंततः 27 जुलाई को नायब तहसीलदार सदर, वाराणसी की अध्यक्षता में मामले का अंतिम निस्तारण किया गया। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में विवादित स्थान पर डाली गई सीवर पाइप हटवाई गई तथा जेसीबी मशीन से स्थल को समतल कराकर विवाद समाप्त कराया गया।

उनका आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद एक होमगार्ड जवान इस फैसले से नाराज हो गया और गांव में उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ फर्जी सोशल मीडिया पोर्टलों के माध्यम से भ्रामक और तथ्यहीन समाचार प्रसारित कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि संबंधित होमगार्ड जवान का दूसरे पक्ष से लंबे समय से निकट संबंध रहा है तथा वर्ष 2020 से 2026 तक वह और उसके परिवार के सदस्य कथित रूप से विपक्षी पक्ष का समर्थन करते रहे। उन्होंने यह भी दावा किया कि संबंधित परिवार के सदस्यों पर पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं।

अरुण कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सावन माह के प्रथम सोमवार पर कानून-व्यवस्था में व्यस्त पुलिस प्रशासन को देखते हुए वह अधिकारियों को परेशान नहीं करेंगे, बल्कि मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपना पक्ष विस्तार से रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इस बार हमला करने वाले लोग मोहल्ले के ही निवासी हैं और काफी शातिर प्रवृत्ति के हैं, जिससे उनका पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। उन्होंने थाना प्रभारी लालपुर-पांडेयपुर से स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस चौकी से लेकर थाना स्तर तक संबंधित लोगों की गतिविधियों की जानकारी है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या संबंधित पक्ष की ओर से नहीं की गई है। पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

