सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी गांव-गांव पहुंचेगी
वाराणसी (जनवार्ता) । संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी से भरे कलश के साथ सोमवार को समरसता एवं सामाजिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा का आगाज भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय, रोहनिया से भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर किया।


आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा में सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी से भरे कलश को प्रमुख स्थान दिया गया, जिसे एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया गया।

यात्रा राजातालाब मंडल के भीमचंडी, भिखारीपुर, चंदापुर, सिंगही और मिल्कीपुर सहित पांच गांवों में पहुंची। प्रत्येक स्थान पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर कलश का स्वागत किया तथा पूजन-अर्चन के साथ गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन समाज से भेदभाव समाप्त कर समानता और एकता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कलश वंदन यात्रा निकाली जा रही है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री संजय सोनकर, जिला मंत्री अश्वनी पांडेय, वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव सिंह गौतम, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय राज यादव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश प्रियदर्शी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री प्रेमशंकर पाठक, अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, बृजेश राजभर, लोहता मंडल अध्यक्ष ज्ञानचंद्र पटेल, राजातालाब मंडल अध्यक्ष सुजीत पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

