बरेका और नगर निगम के बीच कचरा प्रबंधन को लेकर सेवा समझौता
वैज्ञानिक तरीके से होगा लीगेसी वेस्ट का निस्तारण
वाराणसी (जनवार्ता)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) और वाराणसी नगर निगम (वीएनएन) के बीच बरेका टाउनशिप में वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन लागू करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सेवा समझौतों पर सोमवार को हस्ताक्षर किए गए। यह पहल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप की गई है।


महाप्रबंधक आशुतोष पंत और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में बरेका की ओर से उप मुख्य इंजीनियर साकेत तथा वाराणसी नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने सेवा समझौता प्रपत्रों का आदान-प्रदान किया।
समझौते के तहत वाराणसी नगर निगम बरेका की डंप साइट पर वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट का बायो-रेमेडिएशन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और सुरक्षित निस्तारण करेगा। वहीं एक वर्ष की अवधि वाले दूसरे समझौते के अंतर्गत बरेका टाउनशिप से प्रतिदिन निकलने वाले नगरपालिका ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। बरेका निर्धारित डस्टबिनों में कचरा एकत्र करेगा, जबकि नगर निगम निर्धारित मासिक सेवा शुल्क पर उसके परिवहन एवं निस्तारण की जिम्मेदारी निभाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल जीरो-लैंडफिल लक्ष्य को हासिल करने, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और स्वच्छ, हरित एवं सतत वाराणसी के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। दोनों संस्थानों ने पर्यावरण संरक्षण और सतत अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में भविष्य में भी मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक सागर सहित बरेका एवं वाराणसी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

