वाराणसी : लालपुर स्टेडियम हॉस्टल में घुसकर उपद्रव

वाराणसी : लालपुर स्टेडियम हॉस्टल में घुसकर उपद्रव

खिलाड़ियों से मारपीट और तोड़फोड़

वाराणसी (जनवार्ता)। डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर में बुधवार सुबह सौ से अधिक उपद्रवियों ने हॉस्टल परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने खिलाड़ियों के साथ मारपीट की, हॉस्टल और मेस में तोड़फोड़ की तथा कई खिलाड़ियों को घायल कर दिया। घटना से हॉस्टल में रह रहे खिलाड़ियों में दहशत का माहौल है।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे बाहरी लोगों का एक समूह स्टेडियम परिसर में पहुंचा और ट्रैक पर अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से विवाद करते हुए मारपीट की। करीब 15–20 मिनट बाद हमलावर दोबारा लाठी-डंडे, हॉकी स्टिक और ईंट-पत्थरों के साथ लौटे तथा सीधे हॉस्टल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

उपद्रवियों ने हॉस्टल में रखे फ्रिज, कूलर, टीवी, खिड़कियां, दरवाजों के हैंडल और बाथरूम की टाइल्स को क्षतिग्रस्त कर दिया। मेस में भी तोड़फोड़ की गई। मेस इंचार्ज के 19 हजार रुपये गायब होने की भी जानकारी सामने आई है। ट्रैक पर रखे खेल उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

हमले में कई खिलाड़ियों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। घायल खिलाड़ियों का कहना है कि वे आगामी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस घटना से उनके अभ्यास और प्रतियोगिताओं पर असर पड़ सकता है। खिलाड़ियों ने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उन्हें बाहर निकलने पर दोबारा हमले का डर सता रहा है।

बताया जा रहा है कि विवाद की मुख्य वजह स्टेडियम के टर्फ की मरम्मत के कारण ट्रैक को 15 दिनों के लिए बंद किया जाना और अभ्यास के लिए निर्धारित प्रवेश शुल्क है। स्थानीय लोग इन दोनों मुद्दों का विरोध कर रहे थे, जिसके चलते पिछले कई दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

इसे भी पढ़े   40 हजार यदुवंशियों ने किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि टर्फ मरम्मत कार्य पूरा कराने के लिए ट्रैक को लगभग 15 दिनों तक बंद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के कोचों और खेल संघ की ओर से संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है तथा जिलाधिकारी सहित उच्च अधिकारियों से खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हॉस्टल की चारदीवारी पर रेलिंग न होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। खिलाड़ियों ने परिसर की सुरक्षा मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *