शिवपुर स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं पर नगर आयुक्त सख्त, गैलरी में अंधेरा देख जताई नाराजगी
शिवपुर (जनवार्ता)। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को शिवपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र और मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैलरी में प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने और डॉक्टरों के चैंबर के बाहर सूचना बोर्ड न होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि स्वास्थ्य केंद्र की गैलरी की सीलिंग में पर्याप्त लाइटें नहीं लगी हैं। उन्होंने मरीजों की सुविधा को देखते हुए तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं, मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट में यह जानकारी उपलब्ध नहीं थी कि किस चैंबर में किस विशेषज्ञ चिकित्सक की ओपीडी संचालित होगी। इस पर उन्होंने सभी चैंबरों के बाहर संबंधित चिकित्सक और उनकी विशेषज्ञता का स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र मार्ग के चौराहे के समीप धंसी हुई इंटरलॉकिंग पर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अभियंताओं को इसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने शिवपुर ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के साथ खाली पड़ी भूमि पर सफाई चौकी एवं स्वास्थ्य स्टोर बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र मार्ग की ओर बाउंड्रीवाल से सटी पांच से छह दुकानों के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व में वृद्धि हो सके।
निरीक्षण के दौरान वरुणापार के जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, सहायक अभियंता (सिविल), सफाई निरीक्षक समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

