बाबा सारंगनाथ मन्दिर में 211 परिवारों ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक
वाराणसी। सारंग नाथ रुद्राभिषेक समिति काशी न्यास की ओर से रविवार को बाबा सारंगनाथ मंदिर, सारनाथ में सामूहिक रुद्राभिषेक महोत्सव का आयोजन किया गया। सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित रुद्राभिषेक में 211 परिवारों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया और विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन कर पुण्यलाभ प्राप्त किया।


समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह गौतम ने बताया कि रविवार, 16 अगस्त को सुबह सात बजे से रुद्राभिषेक पूजन प्रारंभ हुआ, जो सुबह नौ बजे तक चला। आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं से विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक कराया। उन्होंने कहा कि सावन माह में भगवान शिव के रुद्राभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व है। सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक करने से श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का संचार होता है।
आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरे समय मौजूद रहे। प्रमुख रूप से स्वतन्त्रता सेनानी तिलकराज कपूर, अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह गौतम, कोषाध्यक्ष रितेश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रेवती रमण शर्मा, कार्यक्रम संचालक उमेश, महामंत्री देव कुमार राजू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह गौतम ने बताया कि समिति की ओर से यह सामूहिक रुद्राभिषेक महोत्सव पिछले छह वर्षों से अनवरत आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में परिवार इसमें शामिल होकर भगवान शिव का सामूहिक पूजन करते हैं और पुण्यलाभ प्राप्त करते हैं।

