रमना पार्क से बुनकरों को लाभ की मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। हिन्दू बुनकर कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग, वाराणसी परिक्षेत्र कुसुम सिंह से मुलाकात कर बनारस के हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग की समस्याओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने बुनकरों को सरकारी योजनाओं का लाभ, उचित दर पर कच्चा माल, बेहतर बाजार और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। रमना टेक्सटाइल पार्क की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा गया कि इसका लाभ स्थानीय बुनकरों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए।

समिति अध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल ने बुनकरों के लिए आर्थिक सहायता और योजनाओं का लाभ आसान बनाने पर जोर दिया। महासचिव अनिल मूंदड़ा ने बनारसी वस्त्रों के विपणन और प्रशिक्षण सुविधाओं को बढ़ावा देने की बात कही। उपाध्यक्ष विमलेश मौर्य ने जरी-कढ़ाई के कारीगरों की समस्याएं उठाईं।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने बनारसी वस्त्रों की पहचान मजबूत करने के लिए ‘बनारस ब्रांड’ विकसित करने का सुझाव दिया। उपायुक्त कुसुम सिंह ने समस्याओं और सुझावों पर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

