दर्शन से लेकर सुविधाओं तक, नए सीईओ ने परखी विश्वनाथ धाम की व्यवस्था
■ सत्यम मिश्र ने सुगम दर्शन , जिग-जैग से लेकर पेयजल-स्वच्छता तक का लिया जायजा
वाराणसी (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


सीईओ ने धाम के प्रवेश एवं निकास मार्गों, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, विश्राम और अन्य सुविधाओं की स्थिति भी देखी। वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रवेश मार्गों और जिग-जैग व्यवस्था में कतार प्रबंधन प्रभावी रखा जाए तथा पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था लगातार सुनिश्चित की जाए।
सत्यम मिश्र ने कहा कि धाम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक सहित मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

