सोशल मीडिया पर विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों से दें जवाब : विनोद तावड़े
भाजपा की सोशल मीडिया कार्यशाला में डिजिटल रणनीति पर मंथन, काशी के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
वाराणसी । भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि सोशल मीडिया पर विपक्ष की ओर से किए जाने वाले दुष्प्रचार और अफवाहों का जवाब कार्यकर्ताओं को तथ्यों एवं प्रमाणों के आधार पर देना चाहिए। सोशल मीडिया अब केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता से संवाद स्थापित करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। कार्यकर्ताओं को दूसरों के नैरेटिव का अनुसरण करने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष प्रस्तुत करना चाहिए।

शुक्रवार को कचहरी स्थित कमिश्नरी सभागार में आयोजित भाजपा वाराणसी लोकसभा की सोशल मीडिया कार्यशाला को संबोधित करते हुए विनोद तावड़े ने कहा कि डिजिटल मंचों के माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और काशी में हुए विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को केवल अपनी बात सुनाने के बजाय उनकी बात सुनना भी जरूरी है। वर्ष 2000 के बाद जन्मी पीढ़ी ने वर्ष 2014 से पहले की सरकारों के कार्यकाल को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को पहले और वर्तमान की परिस्थितियों के बीच अंतर तथ्यों के साथ सामने रखना चाहिए।
तावड़े ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और काशी में हुए विकास कार्यों को डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे मंचों का प्रभावी उपयोग करने तथा ऐसी सामग्री तैयार करने पर जोर दिया, जिससे विकास कार्यों और बदलाव की जानकारी आम लोगों तक पहुंच सके।
‘कंटेंट, क्रिएटिविटी और कंटीन्युटी’ पर जोर
कार्यशाला में राष्ट्रीय सोशल मीडिया विभाग के सदस्य हर्ष चतुर्वेदी ने ‘काशी विकास गाथा’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने सोशल मीडिया की प्रभावी रणनीति के लिए तीन सी—कंटेंट, क्रिएटिविटी और कंटीन्युटी अर्थात विषयवस्तु, रचनात्मकता और निरंतरता—को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल मंचों पर प्रभावी संवाद के लिए तथ्यपरक सामग्री, आकर्षक प्रस्तुति और नियमित सक्रियता आवश्यक है।
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि वर्ष 2014 से जून 2026 तक काशी में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 727 परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें से 536 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 191 परियोजनाओं पर काम जारी है।
केंद्रीय सोशल मीडिया विभाग के विकास पांडेय ने डिजिटल मंचों के बदलते स्वरूप और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की प्रकृति की जानकारी दी। उन्होंने संगठन की डिजिटल सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम का गान किया गया। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मधुकर चित्रांश ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, राकेश शर्मा, संतोष सोलापुरकर, विजय गुप्ता, अरविंद पांडेय, विपिन सिंह, जगदीश त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, अमित राय, अनिल गुप्ता, प्रवीण सिंह गौतम, नवीन कपूर, संजय सोनकर, पूजा दीक्षित, कुसुम पटेल, विनिता सिंह और अशोक जाटव सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष तथा जिला, महानगर एवं मंडल स्तर के सोशल मीडिया संयोजक और सह संयोजक उपस्थित रहे।

