आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कंटेनर-डंपर की भिड़ंत के बाद लगी आग
डंपर के क्लीनर और मजदूर की मौत, बाइक सवार दो युवक घायल, पांच किलोमीटर तक लगा जाम
आगरा। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार की सुबह खंदौली थाना क्षेत्र में कंटेनर और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की लपटों में घिरने से डंपर के क्लीनर और एक मजदूर की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे खंदौली क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास हुआ। कंटेनर चंदौसी से मटर लेकर गुजरात जा रहा था, जबकि डंपर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली धूल-मिट्टी लेकर आगरा की ओर आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
हादसे में धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के कोड़रा का पूरा निवासी आकाश (25) और करुआ (24) की जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आए
हादसे के दौरान मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहे खंदौली क्षेत्र के नगला जालिम निवासी सुमित (23) और शीटू (24) भी इसकी चपेट में आ गए। दोनों घायल हो गए और उनकी बाइक भी आग की चपेट में आकर जल गई। बताया गया कि कंटेनर के नीचे फंसे सुमित को उसके साथी शीटू ने बाहर निकालकर बचाया।
चार दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई और लगभग दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

