जीवनदीप में फ्रेशर पार्टी ‘रूबरू’ की धूम
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
वाराणसी। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय एवं जीवनदीप इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत में भव्य फ्रेशर पार्टी ‘रूबरू’ का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, संगीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं से सजे समारोह में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर बीकॉम प्रथम वर्ष से प्रियांशु एवं अवनि अग्रवाल, बीसीए से श्रेयम दूबे एवं समृद्धि पाठक तथा बीबीए से शिवांश एवं सिद्धि सिंह को मिस्टर एवं मिस फ्रेशर चुना गया। विजेताओं को अतिथियों ने आकर्षक पुरस्कार एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जीवनदीप समूह के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है। उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, समय प्रबंधन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने की ललक और लक्ष्य के प्रति समर्पण से जीवन की हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।
उनके प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। समारोह में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रैंप वॉक, मनमोहक नृत्य और मधुर गायन प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा और परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंध तंत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. इन्द्रेश सिंह, रजिस्ट्रार नन्दलाल यादव, उप प्राचार्य डॉ. अमित कुमार सिंह, बीटीसी प्राचार्य डॉ. नंदा द्विवेदी, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, विक्रम प्रताप सिंह, राजेश कुमार सिंह, खेलकूद प्रशिक्षक डॉ. राजेश कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

