झांसी: 100 करोड़ के ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट में BJP नेता दिल्ली से गिरफ्तार
झांसी पुलिस ने सौ करोड़ रुपये से अधिक के ऑनलाइन सट्टा मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य रूप से आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े इस सिंडिकेट में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय को को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। वे भाजपा किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष और सहकारिता बैंक के निदेशक हैं।

नवाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने 29 अप्रैल को पहले तीन मुख्य सटोरियों शुभम उपाध्याय (तिलयानी बजरिया), विजय बाधवा (सिंधी कॉलोनी) और नितिन अग्रवाल (बड़ागांव गेट) को गिरफ्तार किया था। इनके पास से मोबाइल फोन, टैबलेट, नकदी और लेजर बुक बरामद हुई जिनमें 100 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन के रिकॉर्ड मिले। पूछताछ में आशीष उपाध्याय समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए।
आशीष उपाध्याय दिल्ली में परिचित के घर छिपे हुए थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अब झांसी लाया जा रहा है और आगे की पूछताछ तथा कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल 8-9 अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनमें पप्पू यादव (पार्षद पति, उन्नाव गेट), पंकज राय, सौरभ लिखधारी, सोनू चड्ढा, हरीश कुमार, आकाश चंचलानी, सुमित साहू, रोशन मुंशी (कुछ कानपुर से भी) शामिल हैं। पुलिस इनकी तलाश में टीमें लगाए हुए है।
आशीष उपाध्याय झांसी की सदर विधानसभा सीट से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे। नाम सामने आने के बाद भाजपा ने उनसे संबंधित पद (मंडल उपाध्यक्ष) छीन लिया था। अब यह मामला सियासी रंग भी ले चुका है।
झांसी एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस सट्टे से हुई कमाई से खरीदी गई अवैध संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

