वजन घटाने के नाम पर 1.77 करोड़ की ठगी
सूरत (जनवार्ता)। फेसबुक पर वजन घटाने का विज्ञापन देखकर मोबाइल नंबर दर्ज करना सूरत की एक महिला को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने पांच महीने तक फर्जी डॉक्टर और काउंसलर बनकर भरोसा जीता और महिला से 1 करोड़ 77 लाख 40 हजार 500 रुपये ठग लिए। मामले की जांच में महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसने देशभर में करीब 80 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया है।

सूरत साइबर क्राइम ब्रांच के अनुसार, गुरुग्राम स्थित क्योरेस्ट साइंस एंड वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड सोशल मीडिया पर वजन घटाने के आकर्षक विज्ञापन जारी कर महिलाओं को अपने जाल में फंसाती थी। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद कॉल सेंटर से संपर्क किया जाता था और व्हाट्सएप के जरिए कथित विशेषज्ञ डॉक्टरों के नाम पर इलाज का झांसा देकर विश्वास कायम किया जाता था।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य फर्जी डॉक्टर और काउंसलर बनकर बात करते थे। महिला का भरोसा जीतने के लिए उसकी फर्जी मेडिकल फाइल और बॉडी प्रोफाइल भी तैयार की गई। आरोपियों ने ऑनलाइन केवल 15 हजार रुपये लिए, जबकि शेष 1.77 करोड़ रुपये से अधिक नकद वसूले। गिरोह के सदस्य दिल्ली से विमान के जरिए सूरत पहुंचकर दवाओं के पैकेट सौंपते और नकदी लेकर लौट जाते थे।
बाद में आरोपियों ने महिला से 81.50 लाख रुपये और मांगे तथा इलाज बंद होने और दवाओं के दुष्प्रभाव का डर दिखाकर मानसिक दबाव बनाया। ठगी का एहसास होने पर महिला ने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने जाल बिछाकर नकदी लेने पहुंचे आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ राहुल राज को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गुरुग्राम स्थित कॉल सेंटर पर छापा मारा गया। जांच में पता चला कि कंपनी वर्ष 2022 से कथित रूप से ठगी का नेटवर्क चला रही थी। पुलिस को कंपनी के बैंक खाते में 8.30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

