तवी नदी में फंसे चार बच्चे, पुलिस-SDRF ने बचाया
जम्मू । जम्मू में शनिवार को तवी नदी में बड़ा हादसा टल गया। पीरखोह मंदिर के पास नहा रहे चार बच्चे अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अधिकारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे चारों बच्चे तवी नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान ऊपरी क्षेत्र से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और बच्चे तेज बहाव में फंस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसडीपीओ सिटी नॉर्थ, पक्का डंगा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
जवानों ने रस्सियों और लाइफ जैकेट की मदद से करीब 20 मिनट तक चले अभियान के बाद चारों बच्चों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच में सभी बच्चे स्वस्थ पाए गए।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने लोगों से मानसून के दौरान नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि तवी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर सूचना दें।

