जयंत में कंचन ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े गोलीबारी, लाखों की नकदी और सोना लूटने का आरोप

जयंत में कंचन ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े गोलीबारी, लाखों की नकदी और सोना लूटने का आरोप

दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे छह बदमाशों में चार दुकान के अंदर घुसे, और दो बाहर राहुल विश्वकर्मा को मारी गोली — करीब 5:55 बजे हुई वारदात से इलाके में मचा हड़कंप

rajeshswari

सिंगरौली (जनवार्ता)। जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में गुरुवार शाम करीब 5:55 बजे अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। घटना में दुकान से जुड़े राहुल विश्वकर्मा, जयंत को गोली लगने की सूचना है। गोली लगने के बाद उन्हें आनन-फानन में स्थानीय  चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल सिंगरौली के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए दो मोटरसाइकिलों से छह लोग पहुंचे थे। इनमें चार बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि दो बाहर खड़े रहे। दुकान मालिक के अनुसार, बदमाश करीब ढाई लाख रुपये नकद तथा लगभग 400 से 500 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। हालांकि लूटी गई नकदी और सोने की वास्तविक मात्रा की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।

गोलीबारी और कथित लूट की घटना के बाद बजरंग कॉम्प्लेक्स एवं आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वारदात की जांच शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाना शुरू कर दिया है।

इसे भी पढ़े   हत्या से पहले अतीक ने आंखों से किया था इशारा,खुलेगा राज?

घटना के बाद से जयंत क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *