4 मई से श्रीनगर से चलेगा सचिवालय
जम्मू, (जनवार्ता) । केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू में स्थित सचिवालय गुरुवार को अगले छह महीनों के लिए बंद कर दिया गया। अब सरकार का प्रशासनिक कामकाज 4 मई से ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से संचालित होगा।

सचिवालय के स्थानांतरण की प्रक्रिया के तहत गुरुवार को दोपहर तीन बजे तक नियमित कामकाज हुआ। इसके बाद विभागों में कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान पैक करने का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम तक विभिन्न विभागों का सामान जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम (JKRTC) के वाहनों में लोड किया जाता रहा। शुक्रवार सुबह इन वाहनों का काफिला श्रीनगर के लिए रवाना होगा।
इस बार शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी होने के कारण सचिवालय को निर्धारित समय से एक दिन पहले बंद किया गया। सामान्य रूप से सचिवालय शुक्रवार को बंद रहता है।
प्रशासन ने 40 विभागों के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को जम्मू सचिवालय से सीमित कामकाज जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विभाग में दो से पांच कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जो उप सचिव या अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारियों की निगरानी में कार्य करेंगे।
सप्ताह में पांच दिन काम करने वाले सचिवालय कार्यालय गुरुवार को बंद हो गए, जबकि छह दिन कार्य करने वाले सचिवालय से बाहर के कार्यालय 2 मई से बंद होंगे। सभी विभाग 4 मई से श्रीनगर से काम शुरू करेंगे। सचिवालय मूव के तहत श्रीनगर जा रहे कर्मचारियों को 25 हजार रुपये का विशेष मूव टीए भी दिया गया है।
श्रीनगर जा रहे कर्मचारियों के लिए जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम की बसों में अग्रिम बुकिंग की गई है। कर्मचारियों को लेकर बसों के काफिले 1 मई और 3 मई को जम्मू से रवाना होंगे। काफिलों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं, जबकि श्रीनगर में कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था भी तेजी से की जा रही है।

